संवाद न्यूज एजेंसी
खेकड़ा। कस्बे में सात सितंबर से गणेश महोत्सव शुरू हो गया और आठ सितंबर से जैन धर्म का पर्यूषण पर्व शुरू हो रहा है। इसके चलते कस्बे के रहने वाले जैन एकता मंच के जिला अध्यक्ष अंकुश जैन ने नगर पालिका से कस्बे की लाइनपार बस्ती, नालापार बस्ती, मोहल्ला विजयनगर, मोहल्ला औरंगाबाद बाग बस्ती और पाठशाला बस स्टैंड पर मीट की दुकानों को बंद करवाने की मांग की। नगरपालिका ने कर्मचारियों को कस्बे में खुलने वाली सभी मीट की दुकानों को बंद करवाने के आदेश दिए। शनिवार को कर्मचारियों ने सभी दुकानों को बंद करवा दिया। दुकानदारों को 10 दिन तक पर्व के चलते दुकान नहीं खोलने की हिदायत दी। ईओ कृष्ण कुमार भड़ाना ने बताया कि पर्यूषण पर्व और गणेश पूजा को लेकर मीट की दुकानें बंद कराई गई हैं। दुकानदारों को दुकानें नहीं खाेलने की हिदायत दी है।