दोघट। पंजाब के जालंधर में तैनात मौजिजाबाद नांगल के सैन्यकर्मी की सोमवार को हृदयगति रुकने से मौत हो गई। पार्थिव शव मंगलवार की सुबह गांव लाया जाएगा।
मौजिजाबाद नांगल गांव के रहने वाले देवेंद्र सिंह के बड़े बेटे सचिन आर्मी में असिस्टेंट नर्सिंग के पद पर नियुक्त थे। वर्तमान में वह जालंधर के एमएच में ड्यूटी कर रहे थे। रात की ड्यूटी के दौरान तबियत खराब हो गई और हृदय गति रुकने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सचिन का दूसरा भाई भी आर्मी में तैनात है। सचिन की आठ दिसंबर को शादी होनी तय हुई थी। उनकी मौत के बाद मां मुनेश, पिता देवेंद्र, भाई गुड्डू आदि का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया कि सचिन का पार्थिव शरीर मंगलवार की सुबह गांव पहुंचेगा और अंतिम संस्कार किया जाएगा। संवाद