- करोड़ों की लागत के 108 प्रस्तावों को मिली हरी झंडी
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर पालिका परिषद की पहली बोर्ड बैठक सोमवार को नगरपालिका के सभागार में संपन्न हुई। जिसमें सर्वसम्मति से करोड़ों रुपयों की अनुमानित लागत के 108 प्रस्तावों को हरी झंड़ी दी गई। इसमें नगर में जल निकासी प्लांट लगाने का प्रस्ताव भी पास किया गया
नगर पालिका अध्यक्षा बबीता तोमर की अध्यक्षता ओर ईओ अनुज कौशिक के संचालन में बैठक हुई। जिसमें शहर को जलभराव से बचाने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया। साथ ही नगर के 34 छोटे-बड़े नालों सहित आबचक आदि की सफाई के लिए 76.59 लाख रुपये का बजट पास किया गया। इसके अलावा शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक जेसीबी, चार बड़े व एक छोटा ट्रैक्टर-ट्राली, 16 सीजएनजी कूड़ा गाड़ी, 100 हाथ रिक्शा, एक महेंद्र पिकअप, एक ऑटोमेटिक झाडू मशीन, एक सीवर जेटिंग मशीन की खरीदारी का प्रस्ताव पास किया गया।
इसके अलावा पेयजल सप्लाई के लिए दो इंसुलेटिंड टैंकर, जिनमें पानी का तापमान नियंत्रित रखा जा सकता है। इसके अलावा गर्मी में ठंडे पानी के लिए 30 वाटर कूलर, विभिन्न नलकूपों के लिए 15 नई विद्युत मोटर की खरीदारी के प्रस्ताव पास किए गए। वार्ड 18 के सभासद योगेश के प्रस्ताव पर शहर की डूड़ा कालोनी से जल निकासी के लिए पाइपलाइन की व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल के लिए दो हैंडपंपों का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। वहीं नगर पालिका के परिसीमन के बाद हुए सीमा विस्तार में शामिल हुए बाहरी क्षेत्रों की सफाई के लिए 50 मजदूरों को आउटसोर्स करने का प्रस्ताव पास किया गया। वार्ड 1-25 में सड़क मरम्मत, चैनल, पुलिया निर्माण कार्यों के लिए 62.55 लाख रुपये के बजट प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। पूरे शहर की जल निकासी के लिए लगाए जाने वाले प्लांट को भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। नगर के आधा दर्जन से अधिक पार्कों, श्मशान घाट के पार्कों के लिए 35.52 लाख रुपये के प्रस्ताव को भी पारित किया गया। वार्ड नौ में कूड़ा घर से दिल्ली-सहारनपुर रोड तक सीसी सड़क, इंटरलॉकिंग निर्माण के लिए 35.85 लाख के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। मुख्य बाजार में सीसी सड़क निर्माण के लिए 35.44 लाख रुपये का बजट पास किया गया।
बोर्ड बैठक में नगर पालिका गेट से ए फील्ड के गेट तक, डाकघर मार्ग, अतिथि भवन मार्ग तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 37.54 लाख का बजट पारित किया गया। बड़का रोड पर सीसी सड़क निर्माण के लिए 70.06 लाख के बजट को हरी झंडी दी गई। पालिका के स्वास्थ्य विभाग में संचालित वाहनों की मरम्मत के लिए 20 लाख का प्रस्ताव पारित किया गया। इन वाहनों के लिए डीजल व अन्य सामान क्रय के लिए 80 लाख का प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके अलावा 67 हैंडपंप को रिबोर कराने, 100 नए हैंडपंप लगाने, अध्यक्षा व सभासदों के साइन बोर्ड, 30 स्थानों पर वाटर कूलर लगाने, पथ प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के प्रस्तावों को भी हरी झंडी दी गई। इस अवसर पर सभासदों में प्रमोद शर्मा, योगेश तोमर, नगेन्द्र तोमर, नीरज जैन, विक्रांत सहित 24 सभासद और अर्बन विशेषज्ञ लोकेश कुमार आदि उपस्थित रहे।