छपरौली (बागपत)। कस्बे की धंधान पट्टी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित तीन के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
शामली के भनेड़ा गांव के रहने वाले संजीव कुमार ने बताया कि उसकी बेटी पूजा (26) की शादी 21 नवंबर 2021 को छपरौली की धंधान पट्टी के प्रशांत के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने शादी के कुछ दिन बाद ही दहेज की मांग शुरू कर कर दी थी।
मांग पूरी नहीं होने पर बृहस्पतिवार रात उसकी बेटी की हत्या कर दी। जिसे इलाज कराने के बहाने बड़ौत के अस्पताल में लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर अस्पताल पहुंची बड़ौत पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छपरौली थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का पता चलेगा। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पति प्रशांत, ससुर राजेंद्र और सास पूनम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।