बागपत। जनता वैदिक कॉलेज के पूर्व छात्र और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक डॉ. राम करन शर्मा ने छात्रों को परीक्षा और करियर के लिए मार्गदर्शन करने के लिए जनता वैदिक कॉलेज, बड़ौत और आईआईटी कानपुर के रिसर्च स्कॉलर के साथ एक ऑनलाइन सेमिनार का आयोजन किया। वेबिनार में देश के 100 से अधिक विश्वविद्यालयों के 500 से अधिक छात्रों ने हिस्सा लिया। संगोष्ठी के अध्यक्ष डॉ. सतीश चंद शर्मा (जनता वैदिक कॉलेज के प्राचार्य) थे और समन्वयक डॉ. अनुज बालियान और डॉ. श्याम किशोर (रसायन विभाग के प्रमुख) थे। प्राचार्य ने छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पण होकर नियमित अध्ययन करने को प्रोत्साहित किया। आईआईटी कानपुर के रिसर्च स्कॉलर शुभम कुमार और नितिन शर्मा ने छात्रों को आईआईटी-जेएम, नेट और गेट क्वालिफाई करने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि छात्र अपने दिन को छोटे अध्ययन सत्रों में विभाजित करें। प्रत्येक अध्ययन सत्र के बाद 5-10 मिनट आराम करें। आप जो सीखते हैं, अन्य छात्रों को सिखाएं। डॉ. राम करण ने परीक्षा के लिए अलग से समयबद्ध तैयारी पर जोर दिया। ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को विदेश में पढ़ाई के अवसरों के बारे में जानकारी दी। एक सवाल के जवाब में डॉ. रामकरण ने कहा कि छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन, विशेष रूप से सोशल मीडिया के अति प्रयोग को रोकना चाहिए। छात्र मेडिटेशन और योगा करें, इससे दिमाग को ऑक्सीजन सही मात्रा में पहुंचती है, रक्तसंचार बेहतर होता है और दिमाग तेजी से काम करता है। छात्रों के साथ अभिभावकों ने भी डॉ. राम करण और जनता वैदिक कॉलेज के परीक्षा पर ऑनलाइन सेमिनार को सराहा।