दोघट। नगर पंचायत टीकरी में समस्याओं का अंबार है। पानी की निकासी न होने के कारण जलभराव और गंदगी के कारण लोग परेशान है। रास्तो में जलभराव होने के कारण लोगों का निकलना मुश्किल है। कस्बे के लोग कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से समस्या का समाधान कराने की मांग कर चुके हैं, मगर समाधान नहीं हुआ है।
नगर पंचायत टीकरी में कई तालाब हैं, जिनकी काफी समय से सफाई व खोदाई नहीं होती है। जिस कारण तालाब ओवरफ्लो हो गए हैं और कस्बे में जलभराव की समस्या बन गई है। पानी निकासी के लिए नगर पंचायत की ओर से निर्माण कराए गए नाले पर सूजती गांव के किसानों ने कब्जा कर बंद कर दिया है।
नाला बंद होने से कस्बे के पानी की निकासी नहीं रही है, जिससे कस्बे के ज्यादातर रास्तों पर जलभराव और गंदगी के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा कस्बे में खेल का मैदान न होने के कारण कस्बे के युवाओं को पुलिस और सेना की तैयारी करने के लिए सड़कों पर दौड़ लगानी पड़ती है।
---
- कस्बे में पानी की निकासी सबसे बड़ी समस्या है। जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का रास्तों से निकलना मुश्किल है। पांच साल में नगर पंचायत पानी की समस्या का समाधान नहीं करा पाई है। - अरुण राठी
- कस्बे के रास्तों में जलभराव होने से गंदगी हो गई है। कस्बे में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे संक्रमण फैलने का डर सता रहा है। कई बार मांग करने के बाद भी जस की तस है। - यशपाल
- कस्बे में नगर पंचायत की 16 बीघा जमीन बंजर पड़ी हुई है। युवाओं के लिए खेल के मैदान बनाने की मांग उठाई थी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। - जितेंद्र राठी
- नगर पंचायत होने के बावजूद कस्बे में ग्रामीण स्तर की सुविधा भी नहीं मिल रही है। कस्बे में पानी की निकासी के साथ परिवहन की भी समस्या है। - बाबूराम
----
कोट...
- कस्बे में पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण कराया था। इसके अलावा तालाब के पानी को पाइप डालकर निकलवाया जाता है। जमीन के अभाव के कारण खेल के मैदान का निर्माण नहीं कराया जा सका है। - सोमपाल राठी, नगर पंचायत चेयरमैन