-शिव महापुराण कथा में बोले कथा व्यास दिनेश चंद पांडे
फोटो संख्या 1
बड़ौत। कथा व्यास दिनेश चंद पांडे ने कहा कि भगवान शिव शंकर अपने भक्ताें का विशेष ध्यान रखते हैं, इसलिए सच्चे मन से भगवान शिव की आराधना करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
कथा व्यास रविवार को अग्रसेन भवन में चल रही शिव महापुराण कथा के 12वें दिन धर्मसभा में बोल रहे थे। इससे पूर्व सुबह का पंचांग पूजन सत्येंद्र शर्मा, मनमोहन शर्मा ने किया। इसके उपरांत कथा व्यास पांडे ने नंदीश्वर भगवान के बारे में बताया कि उनके पिता शिलाद ने पुत्र कामना से इंद्रदेव की घोर तपस्या की। इंद्र ने प्रकट होकर वर मांगने को कहा, तब उन्होंने अमर अजर अयोनिज पुत्र मांगा। तब इंद्रदेव ने कहा ऐसा तो केवल भगवान शंकर ही पुत्र दे सकते हैं, तब उन्होंने भगवान शंकर की घोर तपस्या की। उनकी समाधि में चीटियों की मिट्टी लग गई, तब भगवान शंकर ने प्रसन्न होकर वर मांगने को कहा। अब उनको नंदीश्वर के रूप में पुत्र प्राप्त हुए, जो मानसी रूप में प्रकट हुए। इन्होंने भी भगवान शंकर की घोर तपस्या की, तब भगवान शंकर ने अपने गणों का गण अध्यक्ष नंदीश्वर नियुक्त किया। साथ ही कहा इनकी आज्ञा मेरी आज्ञा रूप में मानी जाए। शिव कृपा से नंदीश्वर अजर अमर हो गए। इस अवसर पर राकेश गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, नरेश गुप्ता, सुभाष राहुल मौजूद रहे।