बिनौली। गांव चंदायन में बुधवार को बारिश के चलते ग्रामीणों को श्मशान में टिनशेड नहीं होने पर तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार करना पड़ा। चंदायन गांव में मंगलवार देर रात अन्नू (18) पुत्र सुशील पाल की मृत्यु हो गई। परिजन श्मशान परिसर में शेड नहीं होने से बारिश रुकने का इंतजार करते रहे। दोपहर बाद भी बारिश नहीं रुकी। इस पर परिजन व ग्रामीण शव लेकर श्मशान पहुंचे। यहां बांस खड़े करके तिरपाल लगाई गई। इसके नीचे अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने शेड नहीं बनवाए जाने पर शासन, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के प्रति रोष जताया। इस दौरान मोहर सिंह प्रधान, सोमदत्त प्रधान, रामकुमार सैनी, प्रवीण जैन, रमेश शर्मा, जल सिंह, शोकेंद्र, अनिल, सुनील, जनेश आदि ग्रामीण मौजूद रहे। संवाद