लेबर कोर्ट जाएंगे सहकारी चीनी मिल के मजदूर
रमाला। सहकारी चीनी मिल रमाला से निकाले गए मजदूरों की असारा गांव में हुई बैठक हुई। इसमें लेबर कोर्ट जाने का निर्णय लिया है। सहकारी चीनी मिल रमाला में दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत के बाद स्थानीय मजदूरों को काम से निकाल दिया था। मजदूरों की मौत के बाद पीड़ित परिवार को 22.50 लाख रुपये का मुआवजा देना पड़ा था। काम से निकालने के बाद मजदूरों पर रोजी रोटी का संकट आ गया। दीपावली नजदीक है और मजदूरों के पास काम नहीं। इसी बात से आहत मजदूरों ने असारा गांव में कंपनी के खिलाफ बैठक कर निर्णय लिया कि वह अपनी मांग को लेकर लेबर कोर्ट जाएंगे। मजदूरों ने बैठक में कहा कि अब वह चुप बैठने वाले नहीं है। एक तो उनका रोजगार छीन लिया गया है और दूसरा उनका कोई भी जनप्रतिनिधि सहयोग नहीं कर रहा है। गुलशन, जमशेद, नफीस, मुन्ना, सुनील, अलीशेर, अलीहसन, मंगता, यामीन मौजूद रहे। उत्तम ग्रुप के उपाध्यक्ष हरनाम सिंह का कहना है कि 15-20 मजदूर अनुशासनहीनता कर रहे थे। सुरक्षा का सामान देने के बाद उसका इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। इससे हादसे हो रहे है। इसका खामियाजा कंपनी को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे मजदूरों को ही बाहर किया गया है।