खेकड़ा। कोरोना से जंग में पर्दे के पीछे कई योद्धा बखूबी अपने कार्य को अंजाम देने में जुटे है। नगर स्थित कोविड-19 अस्पताल में तैनात लैब टेक्निशियन धर्मेंद्र कुमार ऐसे ही एक कोरोना योद्धा है, जो तीन माह से लगातार परिवार से दूर रहकर ड्यूटी कर रहे है। वह बागपत सीएचसी पर तैनात है। अधिकांश समय पीपी किट में दिखाई देने वाले मेरठ निवासी धर्मेंद्र कोरोना रोगियों का हालचाल जानना, समय पर रोग प्रतिरोधक दवा देना, सुबह शाम खाना पहुंचाना आदि सभी कार्य बखूबी निभा रहे है। बताते है कि परिवार के बीच गए तीन माह हो चुके है। वह केवल वीडियो कॉल पर ही अपने बच्चों से बातें कर पाता है। गांव सरुरपुर स्थित क्वारंटीन सेंटर, बागपत के विकास नर्सिंग होम क्वारंटीन सेंटर के बाद खेकड़ा के कोविड-19 अस्पताल में लगातार ड्यूटी चल रही है। वह जनपद भर में 2300 से अधिक सैंपल एकत्र कर लैब भेज चुका है। बताया कि गर्मी में पीपी किट पहन कर काम करना बेहद पीड़ादायक है। मगर, जनपद के कोरोना मरीजों के ठीक होकर घर जाने की सूचना से उसे सुकून मिल रहा है।