बागपत, रमाला। किरठल गांव के विनीत की हत्या में शामिल उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार पुलिस ने वारदात का खुलासा किया है। हत्या के पीछे एक आरोपी के परिवार की महिला के साथ विनीत के अनैतिक संबंधों को वजह बताया जा रहा है।
किरठल गांव के रहने वाले साहब सिंह के बेटे विनीत की बुधवार की रात घेर में गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसकी गर्दन पर फंदा और कमर पर चोट के निशान मिले थे। साहब सिंह ने घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी मदनपाल सिंह ने बताया कि विनीत की हत्या में गांव के ही एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। उसने बताया कि मृतक विनीत उसका दोस्त था। विनीत के उसके परिवार की एक महिला के साथ संबंध थे। उसने दोनों को एक साथ देख लिया था। उसने विनीत को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। तभी से वह विनीत से खुन्नस रखने लगा था और उसकी हत्या की योजना बनाई। इसमें उसने आकाश उर्फ घोल्लू, राजकुमार उर्फ कल्लू और सुरेश उर्फ काला को भी शामिल किया। बुधवार रात तीनों ने विनीत के साथ उसके घेर में रात करीब एक बजे तक शराब पी और फिर विनीत की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद कमरे का ताला लगाकर वहां से चले गए। थाना प्रभारी मदनपाल ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।