- कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों को किया जा रहा है उच्चीकृत
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नए सत्र से कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों में इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को आठवीं के बाद दूसरे विद्यालयों में प्रवेश लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। छात्राओं को आठवीं के बाद की पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दोनों विद्यालयों को उच्चीकृत कराया जा रहा है।
जिले में दो आवासीय कस्तूरबा विद्यालय हैं। इनमें एक विद्यालय बड़ौत और एक विद्यालय छपरौली में संचालित है। दोनों विद्यालयों में सौ-सौ छात्राओं का पंजीकरण है। विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को आठवीं के बाद की पढ़ाई कराने के लिए विद्यालयों का उच्चीकरण कराया जा रहा है। छात्रावास का निर्माण होने पर विद्यालयों में शिक्षक और कर्मचारियों के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरु की जाएगी। विद्यालयों में पूर्व में पढ़ने वाली छात्राओं को वरीयता के आधार पर शिक्षण कराया जाएगा।
सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों विद्यालयों में इसी सत्र से पढ़ाई शुरू कराई जाएगी। इसके लिए विद्यालयों में छात्रावास का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंटर तक की पढ़ाई शुरू हो जाने के बाद भी विद्यालयों का प्रबंधन बेसिक शिक्षा विभाग के ही पास रहेगा। जिला स्तर पर जुलाई से दोनों विद्यालयों में इंटरमीडिएट तक शिक्षण शुरू कराने की तैयारी है।
-