- शिवरात्रि पर बीस लाख से अधिक कांवड़िये पुरा गांव के परशुमेश्वर महादेव मंदिर में करते है जलाभिषेक
- सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को लिखा पत्र, चौड़ीकरण के लिए सर्वे की तैयारी की गई
फोटो 15
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कांवड़ियों व ग्रामीणों की सुविधा के लिए मेरठ जिले से पुरा गांव स्थित परशुरामेश्वर महादेव मंदिर तक मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर कांवड़ मार्ग का चौड़ीकरण करने के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए। जिसपर सर्वे कराने की तैयारी की गई है।
पुरा गांव के एतिहासिक परशुरामेश्वर महादेव मंदिर में हर साल श्रावण व फाल्गुन में मेला लगता है। जहां श्रावण मास में बीस लाख से अधिक कांवड़िये हरिद्वार से गंगाजल लेकर वहां पहुंचते है और भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करते है। वहीं फाल्गुन में भी लाखों कांवड़िये जलाभिषेक के लिए आते है। वह नावला की कोठी से वाया पाली, सरूरपुर, करनावल होते हुए पुरा गांव स्थित भगवान परशुरामेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक करते है। जहां कांवड़ियों की संख्या ज्यादा होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों का आवागमन बंद करना पड़ता है। कांवड़ियों की सुविधा के लिए महाराणा प्रताप कांवड़ मार्ग समिति के पदाधिकारियों ने कमिश्नर को ज्ञापन देकर कांवड़ मार्ग के चौड़ीकरण की मांग की। जिस पर कमिश्नर ने संज्ञान लिया और सीडीओ को मार्ग का चौड़ीकरण कराने के निर्देश दिए। जिसके बाद सीडीओ ने लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखा और सर्वे कराकर मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
दो जिलों के करीब 30 गांवों के लाेगों को फायदा
इस मार्ग के चौड़ीकरण से कांवड़ियों के अलावा मेरठ और बागपत जिले के 30 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को फायदा होगा। क्योंकि वह भी इसी मार्ग से नियमित आवागमन करते है। जिसका चौड़ीकरण होने से हादसे होने का डर नहीं रहेगा।
कांवड़ियों को सुविधा मिले
महाराणा प्रताप कांवड़ मार्ग समिति के पदाधिकारी प्रधान अरविंद ठाकुर, गौरव कुमार ने बताया कि कांवड़िये सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर आते है। जिनके लिए मार्ग का चौड़ीकरण होने पर सुविधाएं बढ़ाई जा सकेगी। क्योंकि अभी उसकी चौड़ाई कम होने पर किसी तरह का कैंप भी नहीं लगाया जा सकता है। हालांकि उनकी मांग है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मार्ग गड्ढा मुक्त करा दिया जाए और उसका चौड़ीकरण किया जाए।
वर्जन
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को कांवड़ मार्ग के चौड़ीकरण के लिए सर्वे कराने और प्रस्ताव बनाने के लिए कहा गया है। जिसमें सर्वे के बाद कांवड़ मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। - एमएल व्यास, सीडीओ।