संवाद न्यूज एजेंसी
अमीनगर सराय। क्षेत्र के डौला गांव में चल रहे टीकाकरण का संयुक्त निदेशक ने औचक निरीक्षण किया, जहां टीकाकरण लक्ष्य से कम टीकाकरण मिलने पर संयुक्त निदेशक ने नाराजगी जताई। साथ ही टीकाकरण की गति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण कम होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डौला गांव में नवजात और गर्भवती महिलाओं को किए जा रहे टीकाकरण का निरीक्षण करने के लिए मेरठ से संयुक्त निदेशक डा. अशोक तालियान पहुंचे। जहां उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से नियमित किए जा रहे टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि रोजाना पांच गर्भवती महिलाओं और 35 नवजात बच्चों को टीकाकरण का लक्ष्य आवंटित किया गया है, जबकि निरीक्षण में रोजाना दो गर्भवती महिलाओं और दस बच्चों को टीकाकरण किया जाना मिला। लक्ष्य से कम टीकाकरण होने पर संयुक्त निदेशक डा. अशोक तालियान ने टीम पर नाराजगी जताई और तेजी से टीकाकरण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मंडलीय कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद गोस्वामी, सुधीर शर्मा सीएचसी अधीक्षक, गोपाल राणा बीपीओ समेत अन्य मौजूद रहे।