बड़ौत। रविवार को जलयात्रा धूमधाम से निकाली गई। शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते पांडुकशिला मैदान पहुंची, जहां भगवान का अभिषेक किया।
दिगंबर जैन समाज बड़ौत की ओर से बड़ा दिगंबर जैन मंदिर से रविवार को भगवान पार्श्वनाथ की पालकी यात्रा और जलयात्रा की शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा लोहिया बाजार, ठाकुरद्वारा, संजय मूर्ति, भगवान महावीर मार्ग होते दिगंबर जैन इंटर कॉलेज के पांडुकशिला मैदान पहुंची। श्रद्धालु शोभायात्रा में सबसे आगे समाज का झंडा लेकर चल रहे थे। उसके पीछे धर्म चक्र, गडुलना, लकड़ी के छोटे-छोटे विमान, अहरावत हाथी अपनी छंटा बिखेरते चले। बीचबीच में जैन धर्म की झांकियां चली और ढोल ताशा पार्टी पर कलाकार नृत्य करते चले। उसके पीछे भजन मंडली और इसके बाद भगवान पार्श्वनाथ को पालकी में सवार थे।
जिन्हें श्रद्धालु चंवर ढुलाते व भगवान की जय-जयकार करते चले। पीछे सिर पर कलश रखकर श्रद्धालु पीत वस्त्र धारण कर चले। पांडुकशिला पर जलाभिषेक के बाद जुलूस विभिन्न रास्तों से होता हुआ मंदिर पर समाप्त हुआ। मौके पर प्रवीण जैन, अतुल जैन, मुकेश जैन, अतुल, सुभाष चंद जैन, सुरेंद्र, अंकुर, आनंद, नरेश, श्रवण जैन, जिनेंद्र जैन, सुनील, अनिल, पंकज, शील चंद जैन, नवीन, प्रवीण, अमित, पवन आदि रहे।
भगवान पारसनाथ की रथयात्रा निकाली
बिनौली। श्री दिगंबर जैन बड़ा मंदिर सकल समाज बिनौली में श्रद्धालुओं ने भगवान पारसनाथ की रथयात्रा धूमधाम से निकाली। रथयात्रा में मनमोहक झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। रथयात्रा से पहले मंदिर मंच पर कलाकारों ने संगीतमय भजनों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। लक्की ड्रा में श्रीजी को रथ में लेकर बैठने का सौभाग्य अशोक जैन नोएडा को प्राप्त हुआ। सारथी राकेश जैन, रोहित जैन दिल्ली, चंवर ढुलाना में उत्तम जैन, विकास जैन, कुबेर इंद्र रजत जैन बने। रथयात्रा मेन बाजार बस स्टैंड से होकर पांडुकशिला स्थल पहुंची। श्रद्धालुओं ने मंत्रोंच्चारण के साथ भगवान श्रीजी का अभिषेक किया। रथयात्रा में समस्त जैन समाज व ग्रामीणों का सहयोग रहा।