बागपत। कोरोना की रोकथाम के लिए जिले में फिर से जांच बढ़ाई जाएगी। साथ ही विदेश से आने वाले लोगों की निगरानी की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सर्विलांस टीमों को एक्टिव कर दिया है। जिला अस्पताल के अलावा सीएचसी और पीएचसी पर इलाज कराने के लिए आने वाले खांसी, बुखार और जुकाम के मरीजों की कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक करने और नियमों का पालन कराने के लिए स्पीकर लगाया है।
जिले में फिलहाल एक दिन में 50 से 60 लोगों की कोरोना की जांच कराई जा रही है। पिछले लगभग डेढ़ माह से जिले में एक भी केस नहीं मिला है। संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों में आने वाले खांसी, बुखार और जुकाम के मरीजों की मॉनिटिरिंग करने और उनकी कोरोना की जांच कराने के निर्देश दिए है। चिकित्सकों को कोरोना की जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जिले में विदेश से आने वाले लोगों की निगरानी के लिए सर्विलांस टीम को एक्टिव कर दिया है।
संक्रमितों का इलाज के लिए सरुरपुर कलां सीएचसी, खेकड़ा सीएचसी को कोविड अस्पताल और जिला अस्पताल में पीकू-नीकू सेंटर बनाया है। जिले में तीन ऑक्सीजन प्लाट के अलावा एक आरटीसीआर लैब का निर्माण कराया जा चुका है।
ऐसे होगी ऑक्सीजन की पूर्ति
जिला अस्पताल, खेकड़ा सीएचसी व सरूरपुर सीएचसी को एल-2 के कोविड सेंटर बनाया हुआ है। जिले में मनाए गए ऑक्सीजन प्लांट से 241 सिलिंडर ऑक्सीजन प्रतिदिन मिलेगी, आईसीयू के 75 बिस्तर की पूर्ति होगी। जिला अस्पताल में 500 एलपीएम के प्लांट से करीब 100 सिलिंडर, खेकड़ा सीएचसी पर 440 एलपीएम के प्लांट से करीब 78 सिलिंडर व सरूरपुर में 330 एलपीएम के प्लांट से करीब 63 सिलिंडर ऑक्सीजन प्रतिदिन मिलेगी। जिला अस्पताल के प्लांट से 125 सामान्य व आईसीयू के 30 बेड के लिए ऑक्सीजन की पूर्ति होगी। खेकड़ा के प्लांट से सौ सामान्य व 25 आईसीयू और सरूरपुर में सामान्य 80 बिस्तर व आईसीयू के 20 बिस्तर के लिए ऑक्सीजन की पूर्ति की जाएगी।
एक दिन में मिलेगी आरटीपीसीआर रिपोर्ट
कोरोना संक्रमण की आरटीपीसीआर जांच करने के लिए सरूरपुर सीएचसी में आरटीपीसीआर लैब खोली गई है। आरटीपीसीआर लैब खुलने से अब एक दिन में ही जांच रिपोर्ट मिलेगी। इससे संक्रमितों को समय पर उपचार मिल सकेगा और संक्रमण फैलने का खतरा भी कम होगा।
24 हजार को दूसरी और आठ लाख को लगनी है बूस्टर डोज
जिले में अभी 24 हजार से अधिक लोगों को दूसरी डोज और साढ़े आठ लाख को बूस्टर डोज नहीं लगी है। जिले में दस लाख 99 हजार 973 लाभार्थियों ने पहली डोज, दस लाख 75 हजार 230 ने दूसरी डोज और दो लाख 36 हजार 444 लाभार्थियों ने बूस्टर डोज लगवाई है।
कोट...
- कोरोना संक्रमण को लेकर सर्विलांस टीम को एक्टिव कर दिया है। जिले में तीन ऑक्सीजन प्लांट लगवाए गए हैं। आरटीपीआर लैब शुरू होने से एक दिन में रिपोर्ट मिलेगी। जिससे मरीज को समय पर उपचार मिलेगा। संक्रमण से बचने के लिए लोगों को टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा। - डॉ. दिनेश कुमार, सीएमओ