साहब, जिला प्रशासन से न्याय नहीं मिल रहा है, एक बार मुख्यमंत्री से मिलवा दो, हम अपनी पीड़ा बता देंगे। अब सिर्फ सीएम साहब से ही न्याय की आस है। रविवार को मेरठ-सहारनपुर समेत कई जगहों से कलक्ट्रेट पहुंचे फरियादियों ने इस तरह सीएम से मिलने की फरियाद लगाई, लेकिन पुलिसकर्मियों ने फरियादियों को कलक्ट्रेट के बाहर से ही वापस भेज दिया।
कलक्ट्रेट पर सीएम से फरियाद लगाने पहुंचे लूंब गांव निवासी रीनू पुत्र धर्मवीर ने बताया कि दिव्यांग दंपती को दिए जाने वाले शादी अनुदान के लिए तीन साल पहले आवेदन किया था। बताया कि शादी अनुदान का लाभ लेने के लिए वह पिछले तीन साल से विकास भवन में चक्कर लगा रहा है, लेकिन अभी तक शादी अनुदान का लाभ नहीं मिला। पीड़ित ने शादी अनुदान का लाभ दिलाने की मांग की।