बागपत। जिले में बिना लाइसेंस के नियम विरुद्ध इंटरनेट का डाटा बेचा जा रहा है। इससे राजस्व को नुकसान हो रहा है और यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा है। नया सुभानपुर के संजय त्यागी ने शुक्रवार को डीएम को इस मामले में शिकायत कर डाटा बेचने वालों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि इंटरनेट देने वाली कंपनी के पास भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण और भारतीय दूरसंचार विभाग का लाइसेंस अनिवार्य है। लाइसेंस धारक से कोई लोकल सर्विस प्रोवाइडर अगर डाटा खरीदकर उसे उपभोक्ता को बेचता है तो इसके लिए उसके पास भी लाइसेंस होना अनिवार्य है। नगर पंचायत में नगर पालिका और गांव में ग्राम पंचायत की अनुमति लेना भी अनिवार्य है।
सर्विस प्रोवाइडर के पास मॉनिटरिंग सिस्टम का सेटअप होना भी जरूरी है, जिससे कोई उपभोक्ता राष्ट्र विरोधी गतिविधि करे तो उसका पता लगाया जा सके। उनका कहना है कि जिले में सभी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही है। इस तरह के लोगों ने गाजियाबाद के लोनी व ट्रोनिका सिटी में अड्डे बना रखे हैं। इसको देखते हुए ही संजय त्यागी ने डीएम, भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण के चेयरमैन, सचिव, एसटीएफ व एसपी को शिकायत कर साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और ऐसा करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।