-पुलिस को मोबाइल फोन से नहीं मिला बैकअप डाटा, सात दिन बाद भी नहीं हुआ खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। टीकरी के लेखपाल प्रवीण राठी की मौत की गुत्थी सुलझने के बजाय उलझती जा रही है। सात दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस को मृतक लेखपाल के मोबाइल से भी कोई सुराग हाथ नहीं लग सका। पुलिस की शक की सुई मृतक के नजदीकियों पर घूमती नजर आ रही है।
टीकरी कस्बे का रहने वाला लेखपाल प्रवीण राठी 14 मई की रात को लापता हो गया था। 19 मई को लेखपाल का शव जंगल में पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लेखपाल की मौत होने के कारण का पता नहीं चल सका। पुलिस ने बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए लैब भेजा, लेकिन अभी तक रिपोर्ट नहीं आई। उधर, मृतक के परिजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे है। पुलिस मृतक लेखपाल के मोबाइल को कब्जे में लेकर डिटेल खंगालने का प्रयास कर रही है, लेकिन मोबाइल फोन से पुलिस को कुछ हाथ नहीं लग पाया। थाना प्रभारी देवेश कुमार शर्मा ने बताया कि लेखपाल की मौत का खुलासा करने के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। मृतक के मोबाइल फोन से कोई जानकारी नहीं मिली है।