घरेलू विवाद में पत्नी को पिलाया जहरीला पदार्थ
खेकड़ा। घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को जान से मारने के लिए जहरीला पदार्थ पिला दिया और फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला को सीएचसी पर भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
नगर की नालापार बस्ती में बृहस्पतिवार की सुबह घरेलू विवाद के चलते पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद में पति ने पत्नी को जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया और फरार हो गया। हालत बिगड़ने पर महिला के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को उपचार के लिए सीएचसी पर भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे मेरठ हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। सीओ विजय चौधरी का कहना है कि महिला को उपचार के लिए मेरठ हायर सेंटर भिजवाया गया है। उसके फरार पति की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।