बागपत कलक्ट्रेट स्थित सभागार में आयोजित उद्योग बंधुओं की बैठक का बहिष्कार करते उद्यमी
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। जिला उद्योग बंधुओं की बैठक में बृहस्पतिवार को उद्यमियों को बुलाकर अधिकारी ही नहीं पहुंचे। वहां काफी देर इंतजार करने के बाद अधिकारियों का रवैया देखकर उद्यमी भड़क गए और बैठक का बहिष्कार करके सभागार से बाहर चले गए। उनको रोकने का प्रयास किया, लेकिन उद्यमियों ने कहा कि जब बैठक में अधिकारी ही नहीं आते है तो ऐसी बैठक का कोई फायदा नहीं है। इस दौरान कलक्ट्रेट में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
जिला उद्योग बंधुओं की हर महीने बैठक होती है, लेकिन पिछले कई महीने से बैठक में डीएम, एडीएम और सीडीओ कोई भी अधिकारी नहीं पहुंच रहे हैं। इस बार बृहस्पतिवार को उद्योग बंधुओं की बैठक तय की गई और उसमें बागपत इंडस्ट्रीयल एसोसिएशन के महासचिव अश्विनी शर्मा, लघु उद्योग भारती से शरद जैन, आईआईए से डॉ. योगेश जिंदल, अरुण जैन, विजय जैन, संजय सिंह आदि काफी उद्यमी पहुंच गए। बैठक का समय कलक्ट्रेट सभागार में शाम साढ़े चार बजे दिया गया था, लेकिन वहां पौने पांच बजे तक भी जिला उद्योग आयुक्त अर्चना तिवारी के अलावा कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। इस पर उद्यमियों ने रोष जताया तो उनको कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया। वहां कुछ देर इंतजार करने के बाद भी डीएम, एडीएम, सीडीओ सहित कोई अधिकारी बैठक के लिए नहीं पहुंचा तो उद्यमी भड़क गए। वह उद्योग बंधुओं की बैठक का बहिष्कार कर सभागार से बाहर चले गए। उद्यमी अश्विनी शर्मा व अन्य का कहना था कि जब बैठक में अधिकारी ही नहीं होंगे तो उनकी समस्याओं का समाधान कैसे किया जाएगा। जिला आयुक्त अर्चना तिवारी उनको रोकती रही, लेकिन उद्यमी वहां से चले गए।
उद्योग बंधुओं की बैठक का समय साढ़े चार बजे था, लेकिन वीडियो कांफ्रेंसिंग होने के कारण अधिकारी बैठक में शामिल नहीं हो सके। उद्यमियों को समझाया गया, इसके बावजूद भी वे वापस चले गए। अब दीवाली के बाद दोबारा से बैठक की तारीख तय की जाएगी। अर्चना तिवारी, उपायुक्त जिला उद्योग विभाग।