खेकड़ा। मोहल्ला अहिरान में दो दिन पूर्व एक महिला और दो पुरुष कोरोना पॉजिटिव मिले । तभी पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों को नगर स्थित कोविड 19 अस्पताल में भर्ती कराया । साथ ही मोहल्ले को भी हॉटस्पॉट घोषित कर सील कराया, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने घरों से निकलना बंद नहीं किया । उन्होंने लगाई गई बल्ली तक हटा दी और बाहर आते जाते रहे। बुधवार को पता चलते ही एसडीएम राजपाल सिंह ने पुलिस एवं नगर पालिका की टीम के साथ मौके पर पहुंच और गली को दोबारा बल्ली से बंद कराया। लोगों को भी घरों में ही रहने की हिदायत दी। साथ ही नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कहा शासनादेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।