बागपत, बडौत। दिल्ली सहारनपुर रेलवे मार्ग पर अलावलपुर हाल्ट के पास शनिवार की सुबह एक युवक प्रदीप (32)ने रेलगाडी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह लकवे का शिकार था और कुछ लोग उसे चिढ़ाते थे। परिजनों का आरोप है कि इससे क्षुब्ध होकर उसने जान दी है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेजा। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। प्रदीप गांव साद्दुल्लापुर निवासी मुकेश का पुत्र था और लकवे से ग्रसित था। गांव के कुछ युवक उसको अक्सर चिढ़ाते थे, जिससे वह परेशान रहता था। शनिवार की सुबह भी कुछ लोगों ने उसे चिढ़ाना शुरू कर दिया। इससे आहत होकर वह अलावलपुर हाल्ट पर पहुंच गया और दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर कोतवाली में नहीं पहुंची है। सीओ सविरत्न गौतम का कहना है कि यदि कोई तहरीर आती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद