बड़ौत। एमए और एमएससी में दाखिला लेने के लिए सैकड़ों छात्र पंजीकरण कराने से वंचित रह गए हैं। शुक्रवार को छात्र-छात्राएं दिगंबर जैन कॉलेज के प्राचार्य से मिले। प्राचार्य ने विवि को पत्र लिखकर पंजीकरण की तारीख बढ़ाने की मांग की।
कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्हें एमए, एमएससी में दाखिला लेना था। कई बार कॉलेज तो साइबर कैफ पर पंजीकरण कराने के लिए पहुंचे, लेकिन कई बार इंटरनेट तो कई बार विवि की वेबसाइट पर तकनीकी खराबी के चलते पंजीकरण नहीं करा पाए। जिस कारण पंजीकरण कराने की अंतिम तिथि निकल गई। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा से पंजीकरण नहीं हुआ तो कैसे एडमिशन हो पाएंगे। इस पर प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह ने विवि के कुलपति को पत्र लिखकर पंजीकरण की तारीख बढ़ाएं जाने की मांग की। कॉलेज प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रों की शिकायत पर विवि को पत्र लिखा गया है।