बागपत। यहां बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इसलिए जिला अस्पताल के जनरल वार्ड में सभी 30 बैड भर गए हैं। अब मरीजों को दवाई देकर वापस भेजा रहा है। अगर किसी की ज्यादा हालत खराब होती है तो उसे अन्य वार्ड में भर्ती करने की बात कही जा रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी लापरवाह बना हुआ है, जो बुखार फैलने पर ही गांवों में शिविर लगवा रहा है। दवा का छिड़काव व फॉगिंग भी प्रधानों पर छोड़ दी गई है।
अस्पताल में रोजाना एक हजार से 1200 मरीज पहुंच रहे हैं और उनमें करीब 300 मरीज बुखार से पीड़ित हैं। जिनको सामान्य बुखार है, उनको दवाई देकर वापस भेजा जा रहा है। वहीं जिसकी हालत खराब होती है, उसको भर्ती कर लिया जाता है। इस कारण ही अस्पताल में बैड भर गए हैं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था कराई गई है। डेंगू के मरीजों के लिए अस्पताल में डेंगू वार्ड भी बनाया गया है।
ग्राम प्रधानों पर छोड़ा दवा का छिड़काव व फॉगिंग
स्वास्थ्य विभाग ने एंटीलार्वा के छिड़काव और फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी पूरी तरह ग्राम प्रधानों पर छोड़ दी है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सभी सरकारी अस्पतालों में दवा उपलब्ध कराई गई है। ग्राम प्रधान संबंधित आशा या अस्पताल में संपर्क कर दवा लेकर छिड़काव करा सकते हैं।
जिले में डेंगू की चपेट में आ चुके 80 लोग
जिले में अब तक डेंगू के 80 मरीज मिल चुके हैं, इनमें से 42 में एलाइजा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मरीजों का समय पर उपचार कराया जा रहा है और गांवों में दवा का छिड़काव कराकर लोगों को स्वच्छता के लिए जागरुक किया जा रहा है।
16 से चलेगा दस्तक अभियान
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ़ सावित्री ने बताया कि लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए गांवों और नगर पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। 16 अक्तूबर से जिले में संचारी अभियान के अंतर्गत दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की स्लाइड तैयार करेंगे।
-चार दिन पहले बुखार आया था। बुखार के बाद पैरों और सिर में दर्द बढ़ रहा है। परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। - खुर्शीदा, निवाड़ा
-पांच अक्तूबर को तबीयत खराब हो गई थी। परिवार वालों ने छह अक्तूबर को अस्पताल में भर्ती कराया था। बुखार के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही है। - निर्मला, वाजिदपुर
वर्जन
-वायरल बुखार के मरीज बढ़ रहे हैं। सामान्य वार्ड के बैड भरने पर मरीजों को दूसरे वार्ड में भर्ती किया जाएगा। मरीजों को दवाई देकर घर में आराम करने की सलाह दी जा रही है। -डॉ. एसके चौधरी, सीएमएस जिला अस्पताल
- सभी ग्राम प्रधानों को गांवों में सफाई कराने और दवा का छिड़काव कराने के लिए पत्र जारी किया जा चुका है। गांवों में शिविर लगाकर लोगों की जांच कराई जा रही है और दवा का छिड़काव भी कराया जा रहा है। - डॉ़ महावीर सिंह, सीएमओ