बागपत। आशाओं को हाईटेक करने के लिए शुक्रवार को सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह व डीएम राजकमल यादव ने मोबाइल फोन वितरित किए।
इसके अतिरिक्त छपरौली विधायक सहेंद्र सिंह ने छपरौली विकास खंड, खेकड़ा ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख, बड़ौत ब्लॉक में बड़ौत विधायक केपी मलिक ने और बागपत ब्लॉक में जिलाध्यक्ष सूरजपाल सिंह ने आशाओं को स्मार्टफोन वितरित किए। जिले में 518 आशाओं को स्मार्टफोन वितरित किए गए। सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि स्मार्टफोन मिलने से आशाओं की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और गुणवत्ता बढ़ेगी। आशा माता, बहनों और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा सकेंगी। आशाओं को डाटा फीडिंग और अन्य विभागीय के कार्यों को करने की सुविधा मिलेगी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुजवीर, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुरुचि शर्मा, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर आदि मौजूद रहे।