बागपत। खानपान में लापरवाही से लोगों की सेहत बिगड़ रही है। इस कारण खून में संक्रमण हो रहा है और वह बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में कई की जांच रिपोर्ट में खून में संक्रमण मिला है। चिकित्सकों ने इसका कारण सही खानपान नहीं होना बताया है और ऐसे मरीजों का उपचार करने के साथ ही खानपान पर ध्यान देने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में रविवार को करीब पंद्रह मरीज भर्ती रहे। जिनमें से बुजुर्गों को सांस की समस्या थी, लेकिन अन्य खून में संक्रमण के कारण बीमारियों की चपेट में आए हुए थे। अस्पताल में जितने मरीज पहुंचे, उनकी चिकित्सकों ने खून की जांच कराई। जिसमें कई को संक्रमण मिला और उसके लिए ही उनको भर्ती करना पड़ा। चिकित्सकों के अनुसार खून में संक्रमण होने के कारण ही लोग बुखार, एलर्जी, पेट की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इसलिए ही लोगों को अपने खानपान पर ध्यान रखने की चिकित्सक सलाह दे रहे हैं।
- किसी को बुखार तो उल्टी-दस्त से परेशान
सरूरपुर कलां की सीता ने बताया कि उसको पिछले कई दिन से बुखार है और बुखार नहीं उतर रहा था। इसके साथ ही सांस में दिक्कत होने लगी। उसे परिजन जिला अस्पताल में लेकर पहुंचे तो वहां उसे भर्ती कराया गया। मेरठ के खिवाई का रहने वाले आस मोहम्मद ने बताया कि उसको उल्टी-दस्त हो गए हैं और ज्यादा समस्या होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उसको भी खून में संक्रमण के कारण यह समस्या हो रही है। इस तरह ही अन्य मरीजों को परेशानी हो रही है।
- अस्पताल में अव्यवस्था भी फैली, हीटर घर से लेकर आ रहे मरीज
जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को वहां अव्यवस्था भी झेलनी पड़ रही है। वहां भर्ती शानू, सीता समेत अन्य का कहना है कि अस्पताल में केवल एक हीटर चलाया जा रहा है, जिससे वहां ठंड दूर नहीं होती है। इस कारण ही ठंड से बचने के लिए बड़ौत के शानू के परिजन अपने घर से हीटर लेकर आए और उससे कुछ राहत मिली है।
- खानपान को बेहतर रखना जरूरी
सीएचसी अधीक्षक डाॅ. विभाष राजपूत बताते हैं कि हर किसी को खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उनके अनुसार खून का संक्रमण होने पर विटामिन सी को खाने में ज्यादा शामिल करें। केला, हल्दी की अधिक मात्रा, ग्रीन टी, चुकंदर आदि चीजों से खून का संक्रमण कम हो जाता है। इसके अलावा कोई समस्या हो तो चिकित्सक से जांच जरूर कराए।