दोघट/दाहा। दाहा, भड़ल, धनौरा-टीकरी गांव में बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। दाहा और भड़ल में बुखार से एक किशोर सहित दो की डेंगू से मौत हो चुकी है। दोनों गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर 159 लोगों की जांच की और दवाई दी।
दाहा और भड़ल गांव में काफी लोग बुखार से पीड़ित हैं। पीड़ितों का मेरठ, बड़ौत और शामली के अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों व कर्मचारियों ने लोगों की जांच कर दवाइयां दीं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों की खून की भी जांच की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भड़ल में 89 लोगों और दाहा में 70 लोगों की जांच कर 25 लोगों की खून की जांच की। शिविर में बिनौली सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार, टीकरी पीएचसी प्रभारी अवधेश कुमार, डॉ. विवेक कुमार, एलटी रामकिशोर, प्रवीण कुमार, नीतू सिंह मौजूद रहे।
----
दाहा पीएचसी पहुंचे सीएमओ, चिकित्सकों ने जानकारी ली
सोमवार को सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने दाहा पीएचसी का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों से दाहा और भड़ल गांव के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा प्रभारी को गांवों में नियमित कैंप लगाकर लोगों की जांच कर दवाई देने के निर्देश दिए।
स्टाफ की कमी के कारण हो रही परेशानी
दाहा पीएचसी पर दो चिकित्सकों की पद है, इनमें से केवल एक चिकित्सक और फार्मासिस्ट ही तैनात है। पीएचसी पर लैब टेक्नीशियन व वार्ड ब्वाय भी नहीं है। चिकित्सक के अवकाश पर जाने पर फार्मासिस्ट ही मरीजों का इलाज करता है। स्टाफ की कमी के कारण लोगों को इलाज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। पीएचसी प्रभारी डॉ. विवेक चौहान ने सीएमओ ने स्टाफ की नियुक्ति कराने की मांग की।