- राज्यमंत्री और बड़ौत विधायक की निधि से खरीदे गए स्वास्थ्य एटीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। स्वास्थ्य विभाग बड़ौत और सरूरपुर कलां सीएचसी में राज्यमंत्री और भाजपा विधायक की निधि के 19.94 लाख रुपये से स्वास्थ्य एटीएम लगवाएगा।जिससे लोगों को अपने स्वास्थ्य की जांच कराने की सुविधा मिलेगी।
जिले की बागपत सीएचसी में सबसे पहले स्वास्थ्य एटीएम स्थापित किया गया था, जिसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। अब सरूरपुर कलां औ बड़ौत में भी स्वास्थ्य एटीएम लगवाए जा रहे हैं। जिससे लोगों को पांच मिनट में वजन, पल्स रेट, कार्डियक, रैपिड डायग्नास्टिक चेकअप, त्वचा, नाक, कान, आंख, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, कॉलस्ट्रोल, थायराइड, शुगर, ऑक्सीजन का लेवल, फैट, प्रोटीन सहित 23 प्रकार की जांच कराने की सुविधा मिलेगी। लोगों को जांच कराने के लिए निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इसके अलावा स्वास्थ्य एटीएम से मरीज को नियमित दिये जाने वाले भोजन की सूची भी मिलेगी। दोनों सीएचसी में स्वास्थ्य एटीएम लगाने के लिए जिला ग्राम्य विकास विभाग ने राज्यमंत्री व भाजपा विधायक केपी मलिक की निधि से 19.94 लाख रुपये स्वास्थ्य विभाग को जारी कर दिया है। सीएमओ डाॅ. दिनेश चंद्रा ने बताया कि स्वास्थ्य एटीएम खरीदकर मंगवा लिए गए हैं। जिन्हें जल्द ही दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्थापित करा दिया जाएगा।