हमारे प्रधान
संवाद न्यूज एजेंसी
छपरौली। हलालपुर गांव ब्लॉक मुख्यालय से मात्र एक किलोमीटर दूर है। गांव की आबादी करीब आठ हजार है। इस बार सुधीर ग्राम प्रधान बने हैं। गांव में दो प्राथमिक स्कूल और एक जूनियर हाईस्कूल है। एक टीकाकरण केंद्र है। गांव में पानी की निकासी ठीक से नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या रहती है। पेयजल टंकी होने के बावजूद पीने के पानी की सुविधा नहीं है। जगह-जगह पेयजल पाइप लाइन खराब है। पूरे गांव में पानी की आपूर्ति नहीं है। कई सरकारी हैंडपंप खराब है। कुछ दूषित पानी दे रहे हैं और कुछ बंद पड़े हैं। गांव से होकर गुजरने वाली नहर की सफाई न होने के कारण गंदा पानी भरा रहता है। ग्राम प्रधान सुधीर का कहना है कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। गांव में अवैध रूप से शराब और मादक पदार्थों की बिक्री, सट्टे की खाईबाड़ी होती है। इस पर अंकुश लगाया जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी।
ग्राम प्रधान का प्रोफाइल
नाम- सुधीर
उम्र- 43
शिक्षा- 8वीं
कार्यक्षेत्र -ठेकेदार
राजनीतिक इतिहास- दूसरे प्रयास में प्रधान बने
गांव की जनसंख्या- 7500
मतदाता- 3290
कुल मतदान- 2075
मत मिले- 1158
ग्राम प्रधान की प्राथमिकताएं
- गांव में तालाब से जल निकासी का प्रबंध कराया जाएगा ।
- नहर की सफाई कराई जाएगी जिससे पानी इकट्ठा न हो सके।
- जलभराव के कारण खराब हुए रास्तों को दोबारा बनवाया जाएगा।
- सरकारी हैंडपंप रिबोर कराए जाएंगे और बंद पड़ी पेयजल टंकी को चालू कराने के लिए नई पाइप लाइन बिछवाई जाएगी।
- सभी पात्रों को विभिन्न पेंशन दिलाई जाएंगी।
- हर परिवार को राशन दिलाने की व्यवस्था कराई जाएगी।
- खेल को आगे बढ़ाने के लिए स्टेडियम की व्यवस्था कराई जाएगी।