हेयर ड्रेसर जावेद हबीब कोर्ट में तलब
बागपत। एक कार्यशाला में सार्वजनिक तौर पर ब्यूटी पार्लर संचालिका पूजा गुप्ता के सिर में थूकने के मामले में हेयर ड्रेसर जावेद हबीब को कोर्ट ने तलब किया है। उनको न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश होना होगा।
अधिवक्ता प्रदीप तोमर के अनुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट वरुण कौशिक की अदालत ने जावेद हबीब पर आरोप तय करते हुए तलब किया है। इसके लिए जावेद हबीब को नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में सुनवाई के लिए अब 22 जुलाई की तारीख तय की गई है। अधिवक्ता के अनुसार बड़ौत की रहने वाली पूजा गुप्ता ब्यूटी पार्लर चलाती है। उनके पास दिसंबर 2021 में मोहम्मद नोमान व मोहम्मद अमान आए और तीन जनवरी 2022 को मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर के जड़ौदा स्थित होटल किंग विला में हेयर कट कार्यशाला के निमंत्रण दिया था। पूजा गुप्ता अपने सहकर्मियों के साथ कार्यशाला में पहुंच गई। जहां मुख्य अतिथि हेयर ड्रेसर जावेद हबीब ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे ब्यूटी पार्लर व सैलून संचालकों को प्रशिक्षण दिया।
आरोप है कि वहां पूजा गुप्ता ने जावेद हबीब से कुछ सवाल किए तो हबीब ने उनसे दुर्भावना रखनी शुरू कर दी। इस कारण ही मंच पर पूजा गुप्ता को बुलाया गया और कटिंग करते हुए कई बार जोर से सिर में हाथ मारा। कटिंग करते हुए ही उनके सिर में यह कहकर थूक दिया कि अगर कभी पानी की कमी होती है तो थूक से काम चला सकते हो। यह भी कहा कि देखो इस थूक में जान है। अधिवक्ता के अनुसार इस मामले में पूजा गुप्ता की तरफ से न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में याचिका दायर की गई थी।