बागपत। जनपद मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर स्थित ग्वालीखेड़ा गांव में सोनिया शर्मा ग्राम प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने गांव को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने के लिए खाका तैयार कर लिया है। उनका कहना है कि वे सबसे पहले गांव से बागपत व बिनौली तक यातायात के साधन की व्यवस्था कराएंगी। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में भी कार्य करेंगी। पानी की टंकी का निर्माण और तालाबों का सुंदरीकरण कराना उनके एजेंडे में है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में उनके पति दीपक शर्मा ग्राम प्रधान चुने गए थे। उनके प्रयास से वर्ष 2017 में गांव को शौच मुक्त बनाने पर उन्हें मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया था। वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजना अंतर्गत गांव टॉप फाइव में चुना गया। वर्ष 2020-2021 में गांव को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सशक्तीकरण पुरस्कार मिला। प्रधान सोनिया शर्मा ने कहा कि विकास को और अधिक गति देकर वह गांव को राष्ट्रीय स्तर सम्मान दिलाएंगी।
प्रधान का प्रोफाइल
नाम - सोनिया शर्मा
उम्र - 32 वर्ष
शिक्षा- एमए- हिंदी, संस्कृत व बीएड
कार्य - समाजसेवा
- गृहिणी के रूप में परिवार को संभालती हैं।
- राजनीतिक इतिहास - पहली बार चुनाव लड़ी और प्रधान बनीं। इससे पहले पति प्रधान थे।
- गांव की आबादी - 2500
- कुल मतदाता - 1370
- कुल वोट पड़े - 1219
- वोट मिले - 708
ये हैं गांव की समस्याएं
- पेयजल की समस्या
- तालाबों की सफाई नहीं हुई
- यातायात के साधनोें की कमी
- कुछ खड़ंजों की जगह सीसी रोड बननी है
ये हैं प्राथमिकताएं
- सरकार की लाभकारी योजनाओं को पात्रों तक पहुंचाना।
- गांव में पेयजल टंकी का निर्माण कराना।
- स्कूलों में बच्चों को कंप्यूटरीकृत शिक्षा दिलाना।
- पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण कराना।