दोघट (बागपत)। बेगमाबाद गढ़ी गांव के जंगल में काम कर रहे किसानों ने नलकूप के पास गुलदार देखा तो उन्होंने नलकूप के कमरे में घुसकर जान बचाई। किसानों ने बताया कि पिछले कई दिनों से जंगल में गुलदार घूमते देखे जा रहे हैं। जिससे किसानों में दहशत फैली हुई है।
बेगमाबाद गढ़ी निवासी किसान भूपेंद्र, रामचंद्र, रामबीर ने बताया कि शनिवार की सुबह वे खेत में रामबीर के नलकूप पर बैठे हुए थे। तभी ईंख के खेत से गुलदार निकलकर नलकूप पर आ गया। जिसे देखते ही किसान भागे और नलकूप के कमरे में छिप गए। जहां करीब आधे घंटे तक छिपे रहे और बाद में किसी तरह हिम्मत जुटाकर बाहर निकले तो वहां गुलदार नहीं मिला। इसके बाद तीनों खेत से भागकर गांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि गुलदार नलकूप पर पानी पीने आया था। किसानों ने वन विभाग को भी सूचना दे दी है। किसानों ने बताया कि रहतना, इदरीशपुर, बामनौली के जंगल में भी पिछले काफी दिनों से गुलदार देखा जा रहा है। उधर कुछ दिन पहले बामनौली के किसानों ने गुलदार की वीडियो बनाकर वन विभाग के अधिकारियों को दी थी, लेकिन गुलदार नहीं पकड़ा गया। इस मामले में रेंजर सुनेंद्र कुमार ने बताया कि गुलदार दिखाई देने की जानकारी होने से इंकार किया। उन्होंने कहा कि जंगल में टीम भेजकर कांबिंग कराई जाएगी।