-आठ विद्यालयों में शिक्षक संभाल रहे प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी
प्रवीण शर्मा
बागपत। जिले में 13 राजकीय हाईस्कूल और छह राजकीय कन्या इंटर कॉलेज हैं। इनमें प्रवक्ता से लेकर सहायक अध्यापकों की कमी है। आठ राजकीय हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों में शिक्षक ही प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इसके अलावा नौ विद्यालयों में 16 क्लर्क और 51 चतुर्थ कर्मचारियों का अभाव है। यहां प्रधानाचार्य ही अपने स्तर से इनसे जुड़े कार्य कराते हैं। पांच पार्ट टाइम अध्यापकों के सहारे शिक्षण कार्य कराया जा रहा है।
राजकीय हाईस्कूल चौबली, राजकीय कन्या हाईस्कूल सूप, राजकीय कन्या हाईस्कूल गांगनौली के अलावा जीजीआईसी तुगाना, अंगदपुर, दाहा, बाबाली, और जहानगढ़ उर्फ दौझा में प्रधानाचार्य के पद रिक्त हैं। इनमें शिक्षक ही प्रधानाचार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 18 राजकीय कन्या हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ही तैनात नहीं है। केवल राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बावली में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तैनात हैं। क्लर्क के अभाव में प्रधानाचार्य शिक्षकों के सहयोग से पत्राचार व अन्य कार्य संभाल रहे है।
-
पार्ट टाइम शिक्षकों के सहारे कराई जा रही पढ़ाई
विद्यालयों में 34 प्रवक्ता और 66 सहायक अध्यापक के पद रिक्त चल रहे हैं। शिक्षकों की कमी के कारण विद्यालयों में ट्यूटरों के सहारे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई कराई जा रही है।
-
जिले के राजकीय विद्यालयों में कर्मचारियों की ब्योरा
पद स्वीकृत कार्यरत रिक्त
प्रधानाचार्य 19 11 08
प्रवक्ता 54 20 34
सहायक अध्यापक 160 94 66
क्लर्क 26 10 16
चतुर्थ श्रेणी 53 02 51
-
राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों व कर्मचारियों की नियुक्ति आयोग से की जाती है। जिन विद्यालयों में प्रधानाचार्यों का अभाव है, वहां पर शिक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षकों के अभाव में छात्रों का शिक्षण प्रभावित न हो, इसके लिए पार्ट टाइम अध्यापकों की व्यवस्था कराई गई है।
- अंतरिक्ष कुमार, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक।
-