अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ
- जंतर मंतर पर पहलवानों के धरने को समर्थन करने पहुंचे भाकियू अध्यक्ष
फोटो - 6
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि पहलवानों की सरकार बात नहीं सुन रही है। सरकार को उनके साथ न्याय करना चाहिए, नहीं तो 2024 में सरकार को पूरा जवाब देंगे।
नरेश टिकैत रविवार को कार्यकर्ताओं के साथ दिल्ली में जंतर-मंतर पर चल रहे पहलवानों के धरने को समर्थन देने के लिए गए। वहां जाने से पूर्व उन्होंने जिला जाट भवन में पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि खाप चौधरी हमेशा सम्मान की लड़ाई लड़ते रहे हैं और लड़ते रहेंगे। सम्मान के लिए सभी बिरादरियों के खाप चौधरियों ने आंदोलन भी किए है। किसान अपनी बात कहने के लिए धरना प्रदर्शन करता है। उसे समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन सरकार दिल्ली धरने में हुए समझौते पर खरी नहीं उतर रही।
उन्होंने कहा कि देश का नाम रोशन करने वाली बेटियां भी पिछले 14 दिन से धरना दे रही हैं, इसके बावजूद उनकी बात नहीं सुनी जा रही है और इस तरह सरकार का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा धरातल पर नहीं दिख रहा है। बेटियों के सम्मान में एक साथ करोड़ों हाथ खड़े हो जाते हैं। इसके बाद भी सरकार नहीं जाग रही है। उन्होंने कहा कि ब्रजभूषण शरण अपनी गलती माने तो इसका कोई समाधान निकल सकता है लेकिन वह उल्टा पहलवानों पर आरोप लगा रहे हैं। सरकार जल्द पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई कराए। इस मौके पर एडवोकेट देवेंद्र आर्य, विक्की चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।