अनदेखी कर रही सरकार, अंजाम भुगतना पड़ेगा : राजेंद्र मलिक
दोघट (बागपत)। भाकियू अराजनैतिक के संरक्षक व गठवाला खाप के मुखिया चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि सरकार लगातार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है। सरकार उनकी समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाएं। सरकार का रुख नहीं बदला तो अंजाम भुगतना पड़ सकता है।
राजेंद्र सिंह मलिक बृहस्पतिवार को गांगनौली में आयोजित पंचायत में किसानों को संबोधित कर रहे थे। गांगनौली गांव में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए अधिग्रहीत जमीन से संबंधित समस्याओं को लेकर किसान पिछले आठ दिन से धरने पर बैठे हुए हैं। इसके बाद भी किसानों की समस्याओं पर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो इसको लेकर किसानों की बृहस्पतिवार को पंचायत बुलाई गई। पंचायत में पहुंचे भाकियू अराजनैतिक के संरक्षक चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक ने कहा कि किसान शांतिप्रिय तरीके से धरने के माध्यम से अपनी लड़ाई लड़ रहा है। ऐसे में सरकार को किसान की समस्याओं की अनदेखी करने की बजाय समाधान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान अपनी लड़ाई एकजुटता के साथ लड़े, तभी उसे सफलता मिल सकेगी।
राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने कहा कि किसान तभी आंदोलन की राह पकड़ता है, जब उसका उत्पीड़न ज्यादा होता है। किसान ज्यादा परेशान होगा तो वह अपनी बात मनवाने के लिए हर हथकंडे जानता है।
वहां पहुंचे एसडीएम सुभाष सिंह को किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। जिनका एसडीएम ने जल्द अधिकारियों से बातचीत करके समाधान कराने का आश्वासन दिया। अध्यक्षता सहदेव सिंह पूर्व प्रधान तो संचालन संजीव राठी गांगनौली ने किया। पंचायत में भाकियू के सहारनपुर मंडल अध्यक्ष नीरज बालियान, राजबीर मलिक, नरेशपाल पंवार, राजीव तोमर, बलबीर, सनुज, सक्षम, प्रवीण, कुलदीप, हरेंद्र तोमर, अंकित चौधरी, संजीव पंवार, गौरव राठी, सतवीर राठी आदि मौजूद रहे।
- पंचायत में यह मांग उठाई गई
- दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर गांगनौली के लिए कट दिया जाए।
- बागपत में सात साल से सर्किल रेट नहीं बढ़ाया गया है और वर्ष 2015 के सर्किल रेट के आधार पर मुआवजा दिया जा रहा है। जबकि सरकार को वर्तमान की स्थिति के आधार पर सर्किल रेट बढ़ाकर मुआवजा देना चाहिए।
- मुआवजे की विसंगतियों जैसे फसलों का मुआवजा, परसंपत्तियों का निर्धारण आदि को दूर किया जाए।
- जमीन का कब्जा लेने से पहले सक्षम प्राधिकारी की तरफ से पुनर्वास का अवार्ड घोषित किया जाए।
- नगर पालिका के दायरे से बाहर की जमीनों का मुआवजा चार गुना किया जाए और सामाजिक प्रभाव का आकलन कराकर मुआवजा दिया जाए। इनके अलावा भी समस्याएं रखी गईं।
बागपत : गांगनौली में आयोजित पंचायत में भाग लेते किसान।- फोटो : BAGHPAT
बागपत : गांगनौली में आयोजित पंचायत में मंचासीन किसान नेता।- फोटो : BAGHPAT