बिनौली। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बरनावा गांव में गोवंश से लदी तीन गाड़ियों को पुलिस से पकड़वाया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि गोवंश को कटान के लिए ले जाया जा रहा था। जिला संयोजक बजरंग दल अमित तितरौदा, वरुण, विपिन तोमर, प्रवीण, सतीश वाल्मीकि, धनुषपाल, महेश पंडित आदि कार्यकर्ताओं ने बरनावा पहुंचकर दाहा की ओर से गोवंश से लदी आ रही तीन गाड़ियां रुकवाईं। जिनमें करीब 30 गोवंश लदे थे। इसकी जानकारी बिनौली पुलिस को दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बताया कि गाड़ियों के चालक फरार हो गए हैं। उन्होंने गोवंश को कटान के लिए ले जाने की आशंका जताई। वहीं, अमित तितरौदा ने थाने में तहरीर देकर गोवंश को मुक्त कराकर आरोपियों के विरुद्ध करवाई की मांग की। थाना प्रभारी देवेंद्र त्यागी ने कहा कि मामले की जांच कराकर करवाई की जाएगी। संवाद