दोघट। कस्बे में शनिवार रात ट्रक चालक के मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। जिससे उसकी रसोई में रखा गैस सिलिंडर फट गया और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। चालक भी आग की चपेट में आने से झुलस गया।
कस्बे की पट्टी मादान निवासी विपिन पुत्र राजेंद्र के मकान में सोया हुआ था। तभी उसके मकान में आग लग गई। आग लगने पर विपिन ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वह झुलस गया और आग रसोई तक पहुंच गई। रसोई में रखे गैस सिलिंडर में आग लगने पर विपिन ने भागकर जान बचाई। गैस सिलिंडर फटते ही पूरे मकान में आग फैल गई।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां वहां पहुंची और कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। विपिन ने बताया कि आग पर काबू पाया जाने तक उसके मकान और छत पर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
विपिन का गांव के ही चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। थाना प्रभारी का कहना है कि विपिन मकान में अकेला रहता था। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।