शुरू नहीं हो सका तुगाना में बालिका छात्रावास
बागपत। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज तुगाना में इस बार भी बालिका छात्रावास का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। शासन ने जुलाई तक छात्रावास का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए थे। जिले में 2016-17 से छात्रावास का निर्माण चल रहा है। अब अगले सत्र से छात्रावास शुरू करने की तैयारी है।
माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत 2016-17 में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में 100 छात्राओं के लिए छात्रावास का निर्माण शुरू कराया गया था। छात्रावास निर्माण के लिए शासन से 154 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया था। छात्रावास का निर्माण कराने के लिए 28 मार्च को कार्यदायी संस्था को आखिरी किश्त के रूप में 60 लाख रुपये उपलब्ध कराकर जुलाई तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के बावजूद अभी तक छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। कार्यदायी संस्था की ओर से छात्रावास के निर्माण में अभी तक 125 लाख रुपये के ही निर्माण कार्य कराए गए हैं, जबकि अभी 29 लाख रुपये का निर्माण कार्य शेष है। निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण इस बार भी छात्रावास शुरू नहीं हो पाया है।
--
कार्यदायी संस्था को जुलाई तक निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। जिलाधिकारी की ओर से भी संस्था को पत्र लिखा गया था, मगर निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाया है। निर्माण पूरा न होने के कारण छात्रावास शुरू नहीं हो सका है। अब अगले सत्र से ही छात्रावास शुरू कराया जाएगा। - रवींद सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक