बागपत। अहैड़ा गांव में पेयजल लाइन डालने के लिए ठेकेदार ने सड़क उखाड़कर छोड़ दी। उसको तीन महीने बीतने के बाद भी ठीक नहीं किया गया, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई। ग्रामीणों ने जल्द सड़क बनवाने की मांग की।
अहैड़ा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पहले गैस कंपनी ने पाइप लाइन डालने के लिए सड़क उखाड़ी थी। जिसे कई महीने बाद ठीक कराया गया था। वहीं अब पेयजल लाइन डालने के लिए ठेकेदार ने गांव में काम शुरू किया। जिसने पूरे गांव में पाइप लाइन डालने के लिए एक तरफ से सड़क को पूरी तरह से उखाड़ दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार ने गांव में कुछ जगह पाइपलाइन डाल दी, जबकि काफी जगह पाइप लाइन डाले बिना ही काम बंद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पाइप लाइन डालने वाले ठेकेदार ने सड़क को ठीक भी नहीं कराया, जिससे ग्रामीणों को तीन महीने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके लिए कई बार जल निगम के अधिकारियों से भी शिकायत की गई। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
वाहन तक नहीं नहीं निकाल सकते
सड़क उखाड़ने के बाद गाड़ियां निकालने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक बार गाड़ी निकलते ही उखाड़ी गई सड़क के पत्थर फैल जाते है। हरी प्रकाश
कई बार की शिकायत
तीन महीने से गांव में सड़क उखड़ी हुई है और बच्चे भी गिरकर घायल हो जाते है। जिसकी शिकायत कई बार अधिकारियों से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया। समे सिंह
शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं
तीन महीने से गांव की सड़क उखड़ी हुई है, जिनका निर्माण कराए बिना ही ठेकेदार छोड़कर चला गया। जिसकी शिकायत सीडीओ से करने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई तो इसको लेकर कोतवाली में भी शिकायत की गई। इसके बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। हरकरण सिंह, ग्राम प्रधान।
वर्जन-अहैड़ा गांव के प्रधान की शिकायत पर डीपीआरओ को जांच के निर्देश दिए गए है। जल्द ही उखाड़ी गई सड़क का निर्माण कराकर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। मोतीलाल व्यास, सीडीओ।