संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट (बागपत)। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती के साथ शामली के तीन दोस्तों ने कोल्ड ड्रिंक्स में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं उसकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया, जिसे वायरल करने की धमकी देकर युवती से 90 हजार रुपये ले लिए। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीनों दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
रविवार को पीड़िता के भाई ने थाने में दी तहरीर में बताया कि शामली के रहने वाले तीन दोस्तों का उनके घर आना जाना रहता था। कई महीने पहले आरोपी उसके घर आए और उसकी बहन को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उसकी बहन के साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बना ली। आरोप लगाया कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसकी बहन को ब्लैकमेल किया और कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद उनसे एक लाख रुपये मांगे गए। उन्होंने 90 हजार रुपये भी तीनों को दे दिए। तहरीर में बताया कि उसकी बहन की शादी हो चुकी है तो आरोपियों ने फोन कर उसके जीजा को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दो लाख रुपये की डिमांड की। थाना प्रभारी किरणपाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।