संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पुलिस ने मंगलवार को तिलपनी गांव के गैंगस्टर आमिर की 10.34 लाख रुपये की संपत्ति कुर्क कर ली। इस दौरान कई थानों की पुलिस तैनात रही।
सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को बागपत कोतवाली व सिंघावली अहीर थाने की पुलिस तिलपनी गांव पहुंचीं। वहां सीओ ने गैंगस्टर आमिर का 10.34 लाख रुपये का मकान कुर्क करने की कार्रवाई की। सीओ ने बताया कि तिलपनी गांव में कुर्की की कार्रवाई से पहले मुनादी कराई गई और फिर गैंगस्टर आमिर का मकान सील किया गया। उधर, गैंगस्टर के परिजनों ने कुर्की की कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसबल के चलते विरोध नहीं कर सके। साथ ही सीओ ने गैंगस्टर के परिजनों को मकान की सील हटाने या फिर आवागमन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।