खेकड़ा सीएचसी के गालीबाज चिकित्सक का सोशल मीड़िया पर वायरल हुआ चेटिंग का स्क्रीन शॉट
- फोटो : KAHKRA
खेकड़ा। सीएचसी के प्रभारी चिकित्सक का व्हाट्सएप स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें वह महिला स्वास्थ्यकर्मी के लिए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दे रहा है। उसके इस कृत्य से सीएचसी के चिकित्सक और कर्मचारी आक्रोशित हैं। वहीं, शिकायत सीएमओ, डीएम से लेकर शासन तक पहुंच गई है।
सीएचसी के गालीबाज चिकित्सक का शनिवार को सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें वह एक संविदा कर्मचारी से नशे में गालीगलौज करता सुनाई दे रहा है। वहीं, तबादले की भी धमकी दे रहा है। रविवार को भी आरोपी चिकित्सक का सोशल मीडिया पर स्क्रीन शॉट वायरल हुआ। इसमें वह एक महिला कर्मी को लिख रहा है कि एक स्टाफ नर्स को सुधारना है। मैं तो इसे अपनी जाति की समझ रहा था। इस पर बहुत सख्त एक्शन लूंगा। ध्यान रखना कोई चालाकी न कर पाए। सीएमओ से इसके बारे में बात हो चुकी है।
आरोपी चिकित्सक के रवैए से परेशान सीएचसी कर्मियों और चिकित्सकों में रोष है। उन्होंने जिलाधिकारी राजकमल यादव से शिकायत कर उक्त चिकित्सक के साथ कार्य करने में असमर्थता जताई है। उधर, उक्त चिकित्सक ने जिस कर्मचारी से गालीगलौज की। उसकी संविदा समाप्त कर देने की संस्तुति भी कर दी है। संस्तुति पत्र में आरोप लगाया कि कर्मचारी विभागीय कार्य में लापरवाही बरत रहा है। गालीगलौज की ऑडियो रिकार्ड कर वायरल करके विभाग की गोपनीयता भंग की है।
अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष उमेश शर्मा, अनुज शर्मा, पुनीत शर्मा और खेकड़ा युवक मंच के अध्यक्ष अनुज कौशिक ने मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक के दरबार में पहुंचाकर आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।