बड़ौत (बागपत)। महिला टीचर के साथ फेसबुक पर बने दोस्त ने शादी का झांसा देकर चार साल तक शारीरिक संबंध बनाए। बाद में टीचर की मां का निधन होने पर शादी से इंकार कर दिया। टीचर ने जब पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो स्कूल से लौटते समय उसके अपहरण की कोशिश की। शनिवार को जब वह शिकायत करने कोतवाली पहुंची तो क्राइम इंस्पेक्टर ने हड़काते हुए कोतवाली से भगा दिया। अब पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। सीओ का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।
पीड़िता टीचर नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली है। उसने बताया कि चार साल पहले मेरठ के सादिक से फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हो गई थी। जिसके बाद युवक ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। चार साल तक ऐसा ही चलता रहा। कुछ माह पूर्व युवती की मां का निधन हो गया, तो युवक ने शादी से इंकार कर दिया।
पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से करने की बात कही तो आरोपी युवक ने उसके अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। एक महीने पहले स्कूल से लौटते समय उसका अपहरण का भी प्रयास किया गया, लेकिन शोर मचाए जाने पर लोगों को आता देख आरोपी भाग निकले।
पीड़िता का आरोप है कि शनिवार को शिकायत लेकर वह कोतवाली पहुंची तो क्राइम इंस्पेक्टर रामनिवास ने हड़काते हुए उसे भगा दिया और धमकी भी दी कि आरोपियों को कोतवाली से ही जमानत दे दूंगा। इस पर पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।
क्राइम इंस्पेक्टर रामनिवास ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कि पीड़िता की तहरीर पर एक माह पूर्व मुकदमा दर्ज कर लिया था। आरोपी युवती का ही रिश्तेदार है। शुक्रवार को युवती के भाई को साथ लेकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी गई थी। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर पीड़िता को न्याय दिलाया जाएगा।