बागपत/दोघट। कान्हड़ गांव में दौराला गन्ना समिति के उपसभापति रहे पूर्व प्रधान राज सिंह के बेटे सहदेव की हत्या करने वाले दोस्त रूपक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि सहदेव का शव रविवार सुबह घर के अंदर ही पड़ा मिला था। सहदेव के भाई आनंद ने पड़ोस के रहने वाले उसके दोस्त रूपक पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी नीरज कुमार जादौन के अनुसार इस मामले में हत्यारोपी रूपक को गिरफ्तार कर लिया गया है। रूपक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी सहदेव के साथ दोस्ती थी और वह दोनों साथ बैठकर शराब पीते थे। पांच दिन पहले झगड़ा हो गया था, जिसके बाद से उनके बीच बोलचाल बंद थी। पुलिस के अनुसार रूपक शनिवार रात को शराब पीकर सोने वाला था, लेकिन सहदेव ने अपनी छत से उसे बुलाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। रूपक उसके पास पहुंचा तो सहदेव ने उसे अपने साथ शराब पिलाई। इसके बाद दोनों में कहासुनी होने लगी और रूपक ने पांस में पड़े सरिये से वार करके सहदेव की हत्या कर दी। पुलिस ने पलड़ी में एक ट्यूबवेल से सरिया बरामद किया है।