बागपत। बड़ौत में रेलवे के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिससे सरकार को लाखों रुपये का चूना लगाया जा रहा है। वहां रेलवे ओवरब्रिज के लिए मिट्टी डालने की अनुमति लेकर निजी कार्य कर दिए गए। उस अनुमति की फोटोकॉपी कराकर कई लोगों को बांटकर अवैध खनन शुरू कर दिया गया। खनन विभाग की टीम ने छापा मारकर तीन ट्रकों को पकड़कर जुर्माना लगाया गया।
बड़ौत में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए मिट्टी डालने की रेलवे के अधिकारियों के अनुमोदन पर प्रशासन से अनुमति मिली थी। उसकी एवज में फर्जीवाड़ा शुरू कर दिया गया और उस अनुमति की फोटो कॉपी कराकर कई लोगों को बांटकर अवैध खनन शुरू करा दिया गया। अवैध खनन की सूचना पर खनन निरीक्षक अनुज कुमार ने छापा मारा तो अवैध मिट्टी खनन में तीन ट्रकों को पकड़ा गया। इनमें बड़ौत के राहुल, शमशाद, बहादुर के ट्रक शामिल थे।
इन सभी ने पहले रेलवे की फर्जी अनुमति दिखाई, मगर जब उनका खुलासा हुआ तो उनपर जुर्माना लगाया गया। वहां से खनन निरीक्षक के आते ही रेलवे के नाम पर दोबारा फर्जीवाड़ा करके खनन शुरू कर दिया गया। इसके बाद राहुल, शमशाद, बहादुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की गई है। खनन निरीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि छापा मारकर तीन ट्रकों को पकड़ा गया, जिन्होंने एक अनुमति दिखाई थी जो ठीक नहीं थी। उन सभी पर कार्रवाई की जा रही है।