बड़ौत। गुराना रोड निवासी अनीता देवी पत्नी संजय कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह नेहरू रोड पर बुटीक चलाती हैं। काम बढ़ाने के लिए ऋण की जरूरत थी। नगरपालिका बड़ौत में डूडा की ओर से तैनात एक कर्मचारी से बातचीत की। कर्मचारी ने नगर के ही एक एजेंट से ऋण दिलाने की बात कराई। कागजी कार्रवाई पूर्ण कराकर एजेंट और डूडा कर्मचारी ने 20 सितंबर को 2,24,392 का ऋण पास करा लिया और धनराशि निकाल ली। मगर, उसे 50 हजार रुपये ही दिए। विभागीय अफसरों को शिकायत करने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उसने कार्रवाई की मांग की। कोतवाल ने कहा कि तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है।