बड़ौत। जनता वैदिक कॉलेज, बड़ौत में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें विवि द्वारा कॉलेज में चार नए कोर्सों संचालित करने पर हरी झंडी देने पर खुशी मनाई गई। प्रोफेसरों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर बधाई दी।
प्राचार्य डॉ. जय कुमार सरोहा ने बताया कि विवि ने शैक्षिक सत्र 2022-23 के लिए बीए शारीरिक शिक्षा (एकल विषय), बीकॉम, एमएससी (गणित), एमए (भूगोल) के लिए अनुमति दे दी है। इसको लेकर दूरदराज से आने वाले विद्यार्थियों के अलावा स्थानीय छात्रों को काफी राहत मिलेगी।
आगामी शैक्षिक सत्र तक एलएलबी (03 वर्षीय) कोर्स को भी संचालित किए जाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही बीएससी (कृषि) में 01 अतिरिक्त सेक्सन तथा एमएससी (कृषि), उद्यान विज्ञान, एमएससी. (कृषि) सस्य विज्ञान में एक-एक अतिरिक्त सेक्सन बढ़ाने के लिए व कीट विज्ञान, पादप रोग विज्ञान विषय में स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित करने के लिए महाविद्यालय प्रबंध समिति ने अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।
मौके पर आईक्यूएसी समन्वयक डॉ. प्रताप चौधरी, पूर्व प्राचार्य डॉ. अरुण सोलंकी, डॉ. मदनपाल सिंह निदेशक, स्व:वित्तपोषित पाठ्यक्रम, डॉ. विनय कुमार मुख्य नियंता, कार्यालय अधीक्षक डॉ. पूनम मलिक, लेखाकार रवित कुमार, डॉ. देवेंद्रपाल सिंह तोमर, श्रीपाल कुमार शामिल रहे।
कवि पृथ्वी सिंह बेधड़क के नाम से होगा गेट का निर्माण
प्रबंध समिति के मंत्री योगेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि महाविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शताब्दी द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। इसी के तहत प्रसिद्ध लोक कवि पृथ्वी सिंह बेधड़क की स्मृति में बिजरोल रोड पर एक द्वार का निर्माण, बावली रोड पर कॉलेज के मुख्य खेल मैदान में प्रवेश करने के द्वार को चौधरी मुंशी सिंह स्मृति द्वार के रूप में निर्माण कराने का प्रस्ताव भी प्रबंध समिति के द्वारा पारित किया जा चुका है।