चांदीनगर। खैला गांव के पूर्व प्रधान के पुत्र की हत्या में वांछित चल रहे एक लाख के ईनामी बदमाश अंकित गुर्जर को दिल्ली की स्पेशल सेल ने मुठभेड़ के बाद हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि दो जुलाई 2019 बाइक सवार बदमाशों ने खैला के पूर्व प्रधान के पुत्र विनोद कुमार को घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच में गांव के ही इनामी बदमाश अंकित गुर्जर का नाम प्रकाश में आया था। अंकित गुर्जर घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम है। थाना चांदीनगर प्रभारी चमन प्रकाश शर्मा ने बताया की उन्हें दिल्ली की स्पेशल टीम द्वारा अंकित को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी मिली है। स्पेशल सेल ने ही कुछ दिन पहले अंकित के साथी 75 हजार रुपये के इनामी विक्की उर्फ पहलवान को गिरफ्तार किया था। अंकित पर वर्ष 2019 में नोएडा सेक्टर 63 के एक कंपनी के मैनेजर को अगवा करने के आरोप के अलावा यूपी व अन्य राज्यों में हत्या व लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।