बागपत। फजलपुर ग्राम पंचायत की गोशाला में चारा काटने की मशीन पिछले कई दिनों से खराब है। जहां गोवंशों के लिए हरे चारे की व्यवस्था नहीं होने पर सीडीओ ने कार्रवाई कर दी। जिसमें ग्राम विकास अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की और बीडीओ बिनौली को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
सीडीओ विद्यानाथ शुक्ल ने बताया कि जिला गन्ना अधिकारी अनिल कुमार ने बुधवार को फजलपुर ग्राम पंचायत के अस्थाई गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया था। जहां गौ आश्रय स्थल के संचालन में लापरवाही उजागर हुई। उन्होंने बताया कि गोवंशों की क्षमता के अनुरूप शेड व्यवस्था नहीं मिली। इसके अलावा भूसे की जगह धान की पराली काटकर खिलाई जा रही थी, जिसकी गुणवत्ता अच्छी नहीं है।
गोवंशों के लिए मिनीरज मिक्चर भी उपलब्ध नहीं मिला। निरीक्षण में चारा काटने की मशीन खराब मिली, जो कई दिन से खराब है। इसके अलावा जगह-जगह गंदगी फैली मिली। सीडीओ ने बताया कि इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी विनोद कुमार को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की गई है और बीडीओ राजीव कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।